environmentalstory

Home » दिल्ली-NCR समेत इन राज्यों में कोहरे का कहर: बर्फबारी और ठंड की चेतावनी !

दिल्ली-NCR समेत इन राज्यों में कोहरे का कहर: बर्फबारी और ठंड की चेतावनी !

by kishanchaubey
0 comment

मौसम विभाग ने आज जारी बुलेटिन में चेतावनी दी है कि दिल्ली-एनसीआर समेत आठ से अधिक राज्यों में घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती प्रसार के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम सक्रिय बना हुआ है, जो अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा। पूर्वी राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और आसपास सक्रिय है, जो समुद्र तल से 3.1 से 4.5 किमी ऊंचाई पर चक्रवाती प्रसार के रूप में मौजूद है। इससे हरियाणा में एक और चक्रवाती प्रसार बना है, जबकि ट्रफ गुजरात से राजस्थान होते हुए हरियाणा तक फैली हुई है। पूर्वोत्तर भारत पर उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम सक्रिय है, जहां हवाओं की गति 125 नॉट तक पहुंच रही है। एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आज रात से हिमालयी इलाकों को प्रभावित कर सकता है।

2 और 3 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है। तेज हवाएं 30-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी की संभावना है। पूर्वी राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी है। लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

कोहरे का असर हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में घने से बहुत घने रूप में रहेगा। वाहन चालकों को सावधानी बरतनी चाहिए। तापमान में उतार-चढ़ाव की बात करें तो उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री गिर सकता है। उत्तर प्रदेश में पहले दो दिनों में 2-4 डिग्री बढ़ोतरी, फिर गिरावट। विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी, जबकि महाराष्ट्र में चार दिनों में 2-3 डिग्री वृद्धि की संभावना है। बाकी क्षेत्रों में तापमान स्थिर रहेगा।

banner

कल कारवार (कर्नाटक) में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री, जबकि अमृतसर में न्यूनतम 5.9 डिग्री दर्ज हुआ। दक्षिण भारत में दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप और केरल तट पर चक्रवाती प्रसार के कारण हल्की बारिश हो सकती है। कोमोरिन क्षेत्र में भी मौसम गतिविधियां जारी रहेंगी। कुल मिलाकर, उत्तर और हिमालयी क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने सावधानियां बरतने की अपील की है।

You may also like