Monsoon News: मौसम विभाग ने आज जारी ताजा अपडेट में बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है। इसमें चार दिन आगे या पीछे की संभावना है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं, जहां बादल छाए हुए हैं और बारिश बढ़ रही है।
देश के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ और कम दबाव के क्षेत्र के कारण उत्तर, पूर्वोत्तर, पूर्वी और दक्षिण भारत में बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 16 से 21 मई तक भारी बारिश (64.5-115.5 मिमी) हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 16-18 मई को भारी बारिश संभव है।
दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में अगले चार दिनों तक गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की आशंका है। इनमें कुछ हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी है। अंडमान-निकोबार में ऊंची लहरों के चलते मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
उत्तर भारत में लू का कहर जारी है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और विदर्भ में हीटवेव चलने की संभावना है। लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश व आंधी से कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग ने किसानों को पकी फसल सुरक्षित रखने और बिजली गिरने से सतर्क रहने की सलाह दी है। गर्मी वाले इलाकों में खूब पानी पीने और धूप से बचने की अपील की गई है।
