भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज सुबह जारी अपने ताजा पूर्वानुमान में बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के लगातार सक्रिय रहने के कारण 25 और 26 अप्रैल को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में गरज के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बूंदाबांदी से गर्मी से मामूली राहत मिली है, लेकिन मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है।
दिल्ली में गर्मी का कहर, लू का अलर्ट
देश की राजधानी दिल्ली में गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में आसमान साफ रहेगा, लेकिन 10 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म और शुष्क हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिल्लीवासियों को आज गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की चेतावनी
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती प्रसार के प्रभाव से पूर्वोत्तर भारत में अगले एक हफ्ते तक मौसम अस्थिर रहेगा। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में 25 से 27 अप्रैल के दौरान 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। असम और मेघालय में 70 मिमी या उससे अधिक बारिश हो सकती है, जबकि 26 अप्रैल को नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश का अनुमान है।
दक्षिण भारत में तूफानी हवाएं और हल्की बारिश
दक्षिण भारत में अगले एक हफ्ते के दौरान कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाओं के साथ हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के अनुसार, अगले छह दिनों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों में तापमान में इतनी ही बढ़ोतरी का अनुमान है। वहीं, पूर्वी और मध्य भारत में अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है।
24 अप्रैल को विदर्भ के ब्रह्मपुरी में देश का सबसे अधिक तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
लू और उमस का प्रकोप
आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और तेलंगाना में गर्म हवाएं चलने की संभावना है। बिहार में भीषण गर्मी का दौर जारी है, जहां पटना समेत 22 जिलों में लू की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, 26 से 30 अप्रैल के बीच बिहार के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और हल्की बारिश से राहत मिल सकती है।
झारखंड, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में आज गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा। पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों और ओडिशा में रात का मौसम भी गर्म रहने की संभावना है।
कल कहां हुई बारिश?
24 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश और गरज के साथ बौछारें दर्ज की गईं। मेघालय के चेरापूंजी और केरल के पुनालुर में 2 सेमी, जबकि तमिलनाडु के उधगमंडलम में 3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।