असम में लगातार बारिश के बाद आई बाढ़ ने हालात को और बदतर कर दिया है। बाढ़ का पानी राज्य के विभिन्न हिस्सों में फैल रहा है, जिससे जान-माल का नुकसान लगातार बढ़ता जा रहा है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के 21 जिलों में 1506 गांव बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं।
पिछले 24 घंटों में बाढ़ और भूस्खलन के कारण 6 और लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद पिछले 5 दिनों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।
ASDMA की मंगलवार देर शाम जारी रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में 6 लाख 33 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ में सब कुछ गंवाने वाले करीब 40 हजार विस्थापितों को राज्य के विभिन्न हिस्सों में स्थापित 511 राहत शिविरों में शरण दी गई है। श्रीभूमि जिले (पूर्व में करीमगंज) में अकेले 94,000 से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में हैं।
लगातार हो रही भारी बारिश के कारण असम के अलावा पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी बाढ़ और भूस्खलन ने तबाही मचाई है। मणिपुर में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है, जहां 1 लाख 60 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 जून तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के इस अलर्ट के मद्देनजर प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं, लेकिन बढ़ते जलस्तर और भूस्खलन की घटनाओं ने स्थिति को और जटिल बना दिया है।
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों में जुटी हुई हैं, लेकिन बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा, जिससे चुनौतियां और बढ़ रही हैं।