environmentalstory

Home » उत्तर भारत में उमस भरी गर्मी, कई राज्यों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट; मॉनसून की प्रगति तेज

उत्तर भारत में उमस भरी गर्मी, कई राज्यों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट; मॉनसून की प्रगति तेज

by kishanchaubey
0 comment

Weather News: देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग रंग दिखा रहा है। जहां उत्तर भारत में उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, वहीं कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने इसके पीछे बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बने कम दबाव के क्षेत्र, चक्रवाती प्रसार और मॉनसून की सक्रियता को जिम्मेदार ठहराया है।

भारी बारिश और तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, आज 29 मई 2025 को असम, मेघालय, तटीय कर्नाटक, केरल, माहे, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग इलाकों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाओं के साथ बिजली कड़कने और भारी से अत्यधिक भारी बारिश (204.5 मिमी से अधिक) की संभावना है।

इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलने और 115.5-204.4 मिमी तक बारिश होने का अनुमान है। बिहार, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, झारखंड, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, विदर्भ और पश्चिम मध्य प्रदेश में भी 30-40 किमी प्रति घंटे की हवाओं के साथ 64.5-115.5 मिमी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।

गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी की चेतावनी भी जारी की गई है।

banner

पश्चिमी विक्षोभ का असर

पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती प्रसार के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, पंजाब और राजस्थान में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तराखंड में 40-50 किमी प्रति घंटे की हवाओं के साथ बूंदाबांदी और बिजली गिरने की आशंका है, जिसमें उत्तराखंड में 64.5-115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

मॉनसून की प्रगति

मौसम विभाग के मुताबिक, 28 मई को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ा। अगले दो दिनों में मॉनसून के छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के शेष हिस्सों में पहुंचने की संभावना है।

तापमान में उतार-चढ़ाव

उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी और उसके बाद तीन दिनों में 2-4 डिग्री की कमी का अनुमान है। मध्य भारत में अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। 28 मई को बीकानेर (पश्चिमी राजस्थान) में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री और माथेरान (महाराष्ट्र) में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री दर्ज किया गया।

लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में लू (हीटवेव) चलने की चेतावनी दी है।

कल कहां हुई बारिश?

28 मई को केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण, गोवा, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लक्षद्वीप, अंडमान-निकोबार, ओडिशा, झारखंड, मध्य महाराष्ट्र, असम, मेघालय और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गईं। मध्य महाराष्ट्र के महाबलेश्वर में 7 सेमी, कोंकण और गोवा के अलीबाग में 4 सेमी, केरल के कोच्चि और पलक्कड़ में 3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

You may also like