वैश्विक तापमान में लगातार हो रही वृद्धि ने जलवायु परिवर्तन की गंभीरता को एक बार फिर उजागर किया है। यूरोपियन यूनियन की कॉपरनिकस क्लाइमेट चेंज सर्विस की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल 2025 जलवायु इतिहास का दूसरा सबसे गर्म अप्रैल दर्ज किया गया।
इस दौरान वैश्विक औसत सतही तापमान 14.96 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औद्योगिक काल (1850-1900) की तुलना में 1.51 डिग्री सेल्सियस अधिक है। यह लगातार 21वां महीना है जब तापमान औद्योगिक काल से पहले के स्तर से 1.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा, जो पेरिस समझौते के लक्ष्य से चिंताजनक दूरी को दर्शाता है।
तापमान में रिकॉर्ड वृद्धि
रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल 2025 का तापमान 1991-2020 के औसत अप्रैल तापमान से 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। यह पिछले साल अप्रैल 2024 के रिकॉर्ड सबसे गर्म अप्रैल से केवल 0.07 डिग्री सेल्सियस कम था। वहीं, 2016 के अप्रैल की तुलना में यह 0.07 डिग्री सेल्सियस अधिक गर्म रहा।
मई 2024 से अप्रैल 2025 तक के 12 महीनों का औसत तापमान औद्योगिक काल से 1.58 डिग्री सेल्सियस और 1991-2020 की तुलना में 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
यूरोप में असामान्य गर्मी
यूरोप में अप्रैल 2025 का औसत तापमान 9.38 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.01 डिग्री सेल्सियस अधिक है। यह यूरोप का छठा सबसे गर्म अप्रैल था। पूर्वी यूरोप, पश्चिमी रूस, नार्वे और कजाकिस्तान में तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा, जबकि तुर्की, बुल्गारिया, रोमानिया और उत्तरी स्कैंडिनेविया के कुछ हिस्सों में सामान्य से ठंडा मौसम रहा।
वैश्विक स्तर पर गर्मी का कहर
यूरोप के बाहर, रूस के सुदूर पूर्व, पश्चिम-मध्य एशिया, उत्तरी अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया के कुछ हिस्से, अंटार्कटिका प्रायद्वीप और पश्चिम अंटार्कटिका में तापमान सामान्य से अधिक रहा। इसके विपरीत, दक्षिण अमेरिका के दक्षिणी हिस्से, पूर्वी कनाडा, पूर्वोत्तर ग्रीनलैंड, स्वालबार्ड, उत्तरी ऑस्ट्रेलिया और पूर्वी अंटार्कटिका में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया।
समुद्रों का बढ़ता तापमान
धरती के साथ-साथ समुद्र भी गर्म हो रहे हैं। अप्रैल 2025 में भूमध्य रेखा के दोनों ओर समुद्रों का औसत तापमान 20.89 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अप्रैल के लिए दूसरा सबसे अधिक तापमान है।
यह अप्रैल 2024 के रिकॉर्ड से केवल 0.15 डिग्री सेल्सियस कम था। उत्तरी अटलांटिक महासागर के उत्तर-पूर्वी हिस्से और भूमध्य सागर में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा।
ध्रुवीय बर्फ का पिघलना
अप्रैल 2025 में आर्कटिक में समुद्री बर्फ सामान्य से 3% कम रही, जो पिछले 47 वर्षों में अप्रैल के लिए छठा सबसे कम स्तर है। बारेंट्स सागर और ओखोत्स्क सागर में बर्फ का स्तर सबसे कम रहा, जबकि ग्रीनलैंड सागर में सामान्य से अधिक बर्फ दर्ज की गई।
अंटार्कटिका में समुद्री बर्फ सामान्य से 10% कम रही, जो अप्रैल के लिए दसवां सबसे कम स्तर है।
चरम मौसमी घटनाएं
रिपोर्ट में चरम मौसमी घटनाओं का भी जिक्र है। मध्य यूरोप, ब्रिटेन, फिनलैंड, उत्तरी अमेरिका, एशिया के कुछ हिस्से, मडागास्कर, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अमेरिका के कुछ क्षेत्रों में सूखे की स्थिति रही।
वहीं, अल्पाइन क्षेत्र, दक्षिणी यूरोप, फिनलैंड, कनाडा, अलास्का, रूस, दक्षिणी अफ्रीका और उत्तरी ऑस्ट्रेलिया में भारी बारिश, बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन जैसी घटनाएं दर्ज की गईं।