environmentalstory

Home » मध्य प्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

by kishanchaubey
0 comment
Weather News

मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश का दौर शुरू हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं पूरे उत्तर भारत में भी अगले दो से तीन दिनों के दौरान मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा, जिससे दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक 30 जून को मानसून ने मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों को कवर कर लिया है और अब इसके शेष इलाकों में भी सक्रिय होने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

बीते 24 घंटों में पचमढ़ी में 80 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि राज्य के कई अन्य जिलों में भी अच्छी वर्षा हुई। लगातार बारिश से नदियों और जलाशयों का जलस्तर बढ़ने लगा है तथा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।

banner

देश के अन्य हिस्सों में भी मानसून का असर तेज़ हो रहा है। अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण लेकू नदी उफान पर है, जिससे असम के जोनाई क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। 100 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं और राष्ट्रीय राजमार्ग-515 पर भी यातायात बाधित हुआ है।

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और भारी बारिश को लेकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। किसानों को खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखने, पकी फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने और खराब मौसम के दौरान कीटनाशकों के छिड़काव से बचने की सलाह दी गई है। वहीं अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में समुद्र उग्र रहने के कारण मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है।

You may also like