environmentalstory

Home » भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की रफ्तार ऐतिहासिक स्तर पर

भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की रफ्तार ऐतिहासिक स्तर पर

by kishanchaubey
0 comment

नई दिल्ली: भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की बिक्री 2025 में रिकॉर्ड 23 लाख यूनिट तक पहुंच गई है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) की ‘ग्लोबल एनर्जी रिव्यू 2026’ और ग्लोबल ईवी आउटलुक रिपोर्ट के अनुसार, इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में 75 प्रतिशत से अधिक की तेज वृद्धि दर्ज की गई। सरकारी नीतियां, बढ़ती उपभोक्ता मांग और नए मॉडलों की उपलब्धता ने भारत को दुनिया के सबसे तेज उभरते ईवी बाजारों में शामिल कर दिया है।

भारत इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर में वैश्विक नेता बना हुआ है। 2024 में दुनिया की 57 प्रतिशत ई-थ्री-व्हीलर बिक्री अकेले भारत में हुई, जहां बिक्री करीब 7 लाख यूनिट रही। इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर में भी भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बाजार है, जहां 2024 में वैश्विक बिक्री का 6 प्रतिशत हिस्सा देश का था। फेम-II और पीएम ई-ड्राइव जैसी योजनाओं ने इलेक्ट्रिक और पारंपरिक वाहनों की कीमतों को करीब लाकर अपनाने को बढ़ावा दिया है। इससे लास्ट-माइल डिलीवरी और छोटी दूरी की परिवहन सेवाओं में निजी निवेश भी बढ़ा है।

दिल्ली जैसे शहरों में प्रगति साफ दिख रही है। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (सीएसई) की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2023-24 में नए रजिस्टर्ड वाहनों में 11.78 प्रतिशत ईवी थे, जबकि 2011-12 में यह आंकड़ा न के बराबर था। हालांकि कई राज्य 25 प्रतिशत विद्युतीकरण के लक्ष्य से पीछे हैं, लेकिन दिल्ली 10 प्रतिशत का आंकड़ा पार करने वाले पहले राज्यों में शामिल है।

वैश्विक स्तर पर भी ईवी क्रांति तेज है। 2025 में दुनिया भर में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री 20 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 2.1 करोड़ यूनिट पहुंच गई, यानी हर चौथी नई कार अब इलेक्ट्रिक है। चीन में आधे से ज्यादा कारें इलेक्ट्रिक बिकीं, यूरोप में 30 प्रतिशत वृद्धि हुई (नॉर्वे में 96 प्रतिशत शेयर), जबकि उभरते बाजारों जैसे दक्षिण-पूर्व एशिया और लैटिन अमेरिका में 70-125 प्रतिशत तक उछाल आया। अमेरिका में नीतिगत बदलावों से दो प्रतिशत गिरावट दर्ज हुई।

banner

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत की यह रफ्तार स्वच्छ ऊर्जा, विनिर्माण और रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकती है, बशर्ते चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और नीतिगत समर्थन लगातार मजबूत रहे। यह बदलाव न सिर्फ पर्यावरण के लिए, बल्कि ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक विकास के लिए भी निर्णायक साबित हो सकता है।

You may also like