environmentalstory

Home » यूपी-बिहार, दिल्ली में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा

यूपी-बिहार, दिल्ली में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा

by kishanchaubey
0 comment

देश के बड़े हिस्से में सर्दी चरम पर है। उत्तर भारत से मध्य और पूर्वी क्षेत्रों तक घना से बहुत घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और मजबूत जेट स्ट्रीम के कारण ठंडी शुष्क हवाएं और कोहरा बना हुआ है। दिल्ली में दृश्यता कई जगहों पर 5-50 मीटर तक सिमट गई, जिससे दर्जनों उड़ानें रद्द या देरी से हुईं।

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 2-5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि हिमाचल प्रदेश के कुकुमसेरी में पारा -4.3 डिग्री तक गिरा। पर्वतीय क्षेत्रों में ठंडी हवाओं से विंड चिल बढ़ गया है, जिससे वास्तविक ठंड और ज्यादा महसूस हो रही है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की बर्फबारी के आसार हैं।

दिल्ली-एनसीआर में घनी धुंध और स्मॉग से प्रदूषण बढ़ा हुआ है। अगले तीन दिनों में तापमान 2 डिग्री तक गिर सकता है, जबकि 17 दिसंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ आने पर बादल छा सकते हैं, जिससे स्मॉग और गंभीर हो सकता है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी घना कोहरा छाया रहा।

दक्षिण में तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में शीतलहर की चेतावनी है, उत्तर आंतरिक कर्नाटक में आज भीषण शीतलहर संभव। अंडमान-निकोबार में गरज-चमक वाली बारिश और 30-40 किमी/घंटा तेज हवाओं के आसार हैं।

banner

आईएमडी ने उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री गिरावट का अनुमान जताया है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और बुजुर्गों-बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

You may also like