environmentalstory

Home » उत्तर में कड़ाके की ठंड-कोहरा, दक्षिण में चक्रवात दित्वाह का रेड अलर्ट

उत्तर में कड़ाके की ठंड-कोहरा, दक्षिण में चक्रवात दित्वाह का रेड अलर्ट

by kishanchaubey
0 comment

भारत के मौसम में तेज उतार-चढ़ाव जारी है। उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है, जहां पहाड़ी इलाकों में तापमान शून्य से नीचे लुढ़क गया है और नदियां-झरने जमने लगे हैं। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर के कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी जारी है, जिससे दृश्यता में भारी कमी की आशंका है।

वहीं, दक्षिण भारत में चक्रवात ‘दित्वाह’ (Ditwah) के असर से तमिलनाडु-पुडुचेरी में भयंकर बारिश हो रही है, कई जिलों में रेड अलर्ट लगाया गया है। अंडमान-निकोबार, केरल और आंध्र प्रदेश में भी भारी वर्षा और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है।

कन्याकुमारी, रामनाथपुरम, तिरुनेलवेली और तूतीकोरिन जैसे जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा मंडरा रहा है, जबकि मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात ‘दित्वाह’ वर्तमान में श्रीलंका तट और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के निकट स्थित है। यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है और 30 नवंबर की सुबह तक उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी तथा दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों के पास पहुंच सकता है।

banner

इससे दक्षिण भारत में भीषण बारिश का दौर जारी रहेगा। एक अन्य प्रणाली, पूर्व चक्रवात ‘सेंयार’ का अवशेष, मलक्का जलडमरूमध्य के पास डिप्रेशन के रूप में मौजूद है, जो धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है।

उत्तर भारत: ठंड, कोहरा और तापमान में उतार-चढ़ाव

उत्तर भारत में शीतलहर ने जनजीवन को ठप कर दिया है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन उसके बाद फिर से इतनी ही गिरावट दर्ज हो सकती है। इससे रातें बेहद ठंडी रहेंगी।

  • पहाड़ी इलाके: उत्तराखंड के ऊपरी हिमालयी क्षेत्रों जैसे गंगोत्री धाम, नेलांग घाटी, गौमुख ट्रैक और आदि कैलाश में तापमान शून्य से नीचे है। ठंड के कारण नदियां, नाले और झरने जम चुके हैं। शुष्क मौसम से जल संकट भी गहरा गया है।
  • हिमाचल प्रदेश: मौसम साफ और धूपयुक्त रहेगा, लेकिन रातें कड़ाके की ठंडी। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य या उससे नीचे। शिमला में अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान।
  • जम्मू-कश्मीर और लद्दाख: कश्मीर घाटी में रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे। श्रीनगर में -4.4 डिग्री, गुलमर्ग में -1 डिग्री और शोपियां में -6.5 डिग्री रिकॉर्ड। लद्दाख में सामान्य सर्दी बरकरार।
  • दिल्ली-एनसीआर: दिन धूप भरे, लेकिन न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक गिरा। अधिकतम 28 डिग्री। कोहरा छाने से दृश्यता प्रभावित।

मौसम विभाग ने 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड और चंडीगढ़ में घना कोहरा की चेतावनी दी है। पूर्वी राजस्थान में 30 नवंबर से 1 दिसंबर को कोहरा। पंजाब में 28-29 नवंबर को शीतलहर, राजस्थान में 3-4 दिसंबर को।

मध्य, पूर्वी और पश्चिम भारत: तापमान में बदलाव

  • मध्य भारत: अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट। रातें ठंडी, उसके बाद स्थिर।
  • पूर्वी भारत: अगले तीन दिनों में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी, फिर स्थिर।
  • पश्चिम भारत: अगले 24 घंटों में कोई बदलाव नहीं, उसके बाद चार दिनों में 2-3 डिग्री गिरावट। गुजरात-राजस्थान में ठंड बढ़ेगी।
  • उत्तर-पूर्वी भारत: अगले पांच दिनों तक स्थिर, कोई बड़ा बदलाव नहीं।

You may also like