देश के उत्तरी, मध्य और पूर्वी हिस्सों में सर्दी ने पूरी तरह दस्तक दे दी है, जबकि दक्षिण भारत में भारी बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज सुबह जारी ताजा अपडेट में उत्तर भारत में तापमान में लगातार गिरावट और शीतलहर की चेतावनी दी है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ वायु प्रदूषण फिर से ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया है।
उत्तर और मध्य भारत में शीतलहर का कहर
पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश में 13 से 15 नवंबर तक शीतलहर जारी रहेगी। 13 नवंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में तीव्र शीतलहर की आशंका, जबकि 14-15 नवंबर को हल्की से मध्यम शीतलहर।
उत्तर भारत में 3.1 किमी ऊंचाई पर उत्तर हरियाणा और आसपास चक्रवातीय प्रसार के कारण हिमालय से ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में तेजी से फैल रही हैं। कुछ इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से कम रहने से कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है।
उत्तराखंड-हिमाचल में साफ लेकिन ठंडा मौसम
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में शीतलहर की चेतावनी। आसमान साफ, मौसम शुष्क, सुबह-शाम कोहरा और सर्द हवाएं।
हिमाचल प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक बारिश या बर्फबारी के कोई आसार नहीं। साफ मौसम से न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि संभव, लेकिन ठंड बरकरार।
दिल्ली-एनसीआर: ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार
न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरा, अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस।
हवा की रफ्तार 19 किमी/घंटा, शाम ढलते ही ठंड बढ़ेगी।
AQI 346 (गंभीर श्रेणी), कई इलाकों में 400+। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की सुबह 7 बजे की रिपोर्ट।
दक्षिण भारत: बारिश और येलो अलर्ट
केरल, माहे, तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ भारी बारिश (64.5-115.5 मिमी)। येलो अलर्ट जारी। आंध्र प्रदेश, दक्षिण कर्नाटक (अंदरूनी इलाके) में हल्की-मध्यम बारिश। लक्षद्वीप में भी बारिश का दौर जारी।
