environmentalstory

Home » भारत में गर्मी के बीच मौसम का बदलता मिजाज, धूल भरी आंधी और बारिश का अलर्ट

भारत में गर्मी के बीच मौसम का बदलता मिजाज, धूल भरी आंधी और बारिश का अलर्ट

by kishanchaubey
0 comment
heatwaves

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज सुबह जारी अपने ताजा पूर्वानुमान में देश के विभिन्न हिस्सों में मौसमी बदलावों की जानकारी दी है। गर्मी की तपिश के बीच अगले कुछ दिनों में धूल भरी आंधी, तूफानी हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 29 से 30 अप्रैल तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं। वहीं, 1 मई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में, तथा 1 और 2 मई को राजस्थान में तूफानी हवाओं के साथ धूल के गुबार उठने की संभावना है।

2 मई से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का अनुमान है। इसके प्रभाव से 30 अप्रैल से 4 मई तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।

उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में गर्मी और शुष्क मौसम बरकरार है। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 29 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन मैदानी इलाकों में तेज सतही हवाएं चल सकती हैं।

banner

दिल्ली-एनसीआर में बारिश से राहत की उम्मीद

दिल्ली-एनसीआर में सतही हवाएं चल रही हैं और आज शाम से आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है। इससे गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से घटकर 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में चक्रवाती प्रसार और हवाओं के ट्रफ के कारण अगले पांच दिनों तक 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाओं के साथ हल्की बारिश और वज्रपात की आशंका है। 29 अप्रैल को असम और मेघालय में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में 115 मिमी या उससे अधिक बारिश का अनुमान है।

पूर्व और मध्य भारत में मौसमी हलचल

29 अप्रैल से 2 मई तक पूर्वी भारत, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। ओडिशा में 29 अप्रैल को ओलावृष्टि और 29 अप्रैल से 1 मई तक 115 मिमी या उससे अधिक भारी बारिश का अनुमान है।

दक्षिण भारत में बारिश और तूफान

अगले एक हफ्ते तक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। 29 अप्रैल से 2 मई तक उत्तर आंतरिक कर्नाटक में तूफानी हवाओं के साथ बारिश और 30 अप्रैल व 1 मई को ओलावृष्टि का अंदेशा है।

तापमान में उतार-चढ़ाव

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद चार दिनों में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। मध्य भारत में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। गुजरात में अगले चार दिनों में तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।

28 अप्रैल को पश्चिम राजस्थान के बाड़मेर में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश के नौगांव में न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

You may also like