भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज, 6 अगस्त 2025 को अपने ताजा अपडेट में देश के विभिन्न हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मानसूनी ट्रफ, ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार, और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से देश के लगभग सभी हिस्सों में बादल बरसने के आसार हैं। विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश, बिजली गिरने, और अचानक बाढ़ की आशंका जताई है, साथ ही मछुआरों को समुद्री तटों से दूर रहने की सलाह दी है।
केरल और माहे में रेड अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, केरल और माहे के अलग-अलग इलाकों में आज भारी से अति भारी बारिश (204.5 मिमी से अधिक) और कुछ हिस्सों में भयंकर बारिश की संभावना है। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। अलाप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की, कन्नूर, कासरगोड, कोल्लम, कोट्टयम, कोजिकोड, मलप्पुरम, पलक्कड़, पट्टानमित्तिया, तिरुवनंतपुरम, त्रिशूर, और वायनाड जिलों में अचानक बाढ़ और जलभराव का खतरा है।
उत्तराखंड में भी रेड अलर्ट
उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टेहरी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, और उत्तरकाशी जिलों में भारी से अति भारी बारिश (115.6-204.4 मिमी) के साथ अचानक बाढ़ और जलभराव की चेतावनी है। यहां भी रेड अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान का हाल
कल, 5 अगस्त 2025 को तमिलनाडु के मदुरै में अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि असम के हाफलोंग में न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस रहा।मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। खासकर बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों में रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और समुद्र तटों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
