एक नए अध्ययन ने खुलासा किया है कि दीमक केवल प्राकृतिक तरीकों से नहीं फैल रहे, बल्कि इंसान अनजाने में निजी नावों के जरिए उन्हें दुनिया भर में फैला रहे हैं। यह शोध फोर्ट लॉडरडेल रिसर्च एंड एजुकेशन सेंटर (FLREC) के शोधकर्ताओं ने किया है।
इसमें फॉर्मोसन सबटेरेनियन दीमक, एशियाई सबटेरेनियन दीमक, और वेस्ट इंडियन ड्राईवुड दीमक जैसी खतरनाक प्रजातियों के प्रसार में नावों की भूमिका पर जोर दिया गया है। यह शोध करंट ओपिनियन इन इन्सेक्ट साइंस पत्रिका में प्रकाशित हुआ है।
दीमक क्यों हैं खतरा?
दीमक घरों, इमारतों और पेड़ों के लिए बड़ा खतरा हैं। ये लकड़ी को खाकर इमारतों, फर्नीचर और पेड़ों को नुकसान पहुंचाते हैं। खासकर शहरी इलाकों में ये आसानी से पनपते हैं। शोध के अनुसार, दीमक हर साल दुनिया भर में 40 अरब डॉलर (लगभग 3.36 लाख करोड़ रुपये) का नुकसान करते हैं।
इसमें से फॉर्मोसन दीमक अकेले 20.3 से 30 अरब डॉलर का नुकसान पहुंचाती है। यह नुकसान इमारतों की मरम्मत और अन्य संरचनाओं को ठीक करने में खर्च होता है।
नावें कैसे बन रही हैं दीमक की सवारी?
शोध में पाया गया कि निजी नावें, खासकर मनोरंजन के लिए इस्तेमाल होने वाली नौकाएं (यॉट), दीमक को एक महाद्वीप से दूसरे तक ले जा रही हैं। दीमक नावों की लकड़ी या छिपे हिस्सों में कॉलोनियां बना लेते हैं। जब नाव तट से तट तक जाती है, तो दीमक भी पहुंच जाते हैं। उड़ने वाले दीमक (स्वार्मर) शहर की रोशनी की ओर आकर्षित होकर तट पर उतरते हैं और नई कॉलोनियां बनाते हैं।
ऐतिहासिक रूप से, दीमक तूफान या सुनामी के बाद तैरते मलबे पर यात्रा करते थे, लेकिन अब समुद्री यातायात ने उनके लिए यह काम आसान कर दिया है। क्षेत्रीय सर्वेक्षण और आनुवंशिक विश्लेषण से पुष्टि हुई कि फॉर्मोसन, एशियाई और वेस्ट इंडियन ड्राईवुड दीमक शहरी माहौल में ढलकर तेजी से फैल रहे हैं।
क्या हैं मुख्य चिंताएं?
- बढ़ता नुकसान: दीमक का नुकसान अरबों रुपये का है और यह बढ़ रहा है। कई मामले सामने ही नहीं आते, इसलिए वास्तविक नुकसान इससे भी ज्यादा हो सकता है।
- जांच की कमी: निजी नावों में दीमक की नियमित जांच नहीं होती, जिससे वे अनियंत्रित फैलते हैं।
- जागरूकता की कमी: नाव मालिकों को अक्सर पता ही नहीं कि उनकी नावें दीमक फैला रही हैं।
कैसे रोका जाए?
शोधकर्ताओं ने सुझाव दिए हैं:
- नावों की जांच: नाव मालिकों को लकड़ी के हिस्सों की नियमित जांच करानी चाहिए।
- जागरूकता: नौकायन समुदाय को दीमक के खतरों के बारे में जागरूक करना जरूरी है।
- निगरानी: नावों में दीमक के संक्रमण का रिकॉर्ड रखना चाहिए।
- कीटनाशक: सुरक्षित कीटनाशकों का उपयोग दीमक को रोक सकता है।
बचाव के तरीके
- घरों में लकड़ी को दीमक-रोधी उपचार दें।
- नमी नियंत्रित करें, क्योंकि दीमक नम जगहों पर पनपते हैं।
- पेशेवर पेस्ट कंट्रोल की मदद लें।