Landslides: मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों पर बने ऊपरी हवाओं के चक्रवाती प्रसार के कारण अगले 12 घंटों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
देश के विभिन्न हिस्सों में चक्रवाती प्रसार और हवाओं का ट्रफ सक्रिय है, जिसके चलते मॉनसूनी बारिश का प्रकोप जारी है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, दिल्ली सहित कई राज्यों में भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ ने हालात बिगाड़ दिए हैं, जबकि कुछ इलाकों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है।
जम्मू-कश्मीर में बारिश और भूस्खलन
जम्मू-कश्मीर में गर्मी और बारिश का दोहरा प्रकोप देखने को मिल रहा है। रामबन जिले में 25 जून को भारी बारिश के बाद भूस्खलन हुआ, जिससे जम्मू-श्रीनगर हाईवे कई घंटों तक बंद रहा।
मौसम विभाग ने 26 जून को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं, बिजली कड़कने और 64.5-115.5 मिमी तक भारी बारिश का अनुमान जताया है।
उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में नदियां उफान पर हैं और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग ने 26 जून को तीन जिलों में 115.6-204.4 मिमी तक भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बाकी जिलों में तूफानी हवाओं के साथ बौछारें और बिजली गिरने की आशंका है।
दिल्ली में उमस और बारिश
दिल्ली में 25 जून को बादल छाए रहे, जिससे उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग ने लगातार पांचवें दिन यलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन बारिश ज्यादा नहीं हुई।
आज, 26 जून को दिल्ली में गरज के साथ 64.5-115.5 मिमी तक बारिश और बिजली कड़कने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26-28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
अन्य राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने 26 जून को तटीय कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, झारखंड, केरल, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 115.6-204.4 मिमी तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, कोंकण, गोवा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सौराष्ट्र, कच्छ, विदर्भ, पश्चिम राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश में 64.5-115.5 मिमी तक भारी बारिश की संभावना है।
मॉनसून की प्रगति
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अगले 24 घंटों में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। मॉनसून की उत्तरी सीमा वर्तमान में नागौर, सीकर, भरतपुर, रामपुर, सोनीपत और बठिंडा से होकर गुजर रही है।
मछुआरों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग ने सोमालिया, ओमान, यमन, अरब सागर, कोंकण, गोवा, कर्नाटक, केरल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के तटों पर 45-65 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाओं की चेतावनी दी है। मछुआरों को इन क्षेत्रों में मछली पकड़ने या अन्य गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
तापमान और बारिश का लेखा-जोखा
25 जून को राजस्थान के जैसलमेर में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस और मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्वी मध्य प्रदेश के सतना और तमिलनाडु के वालपराई में 6 सेमी, केरल के पलक्कड़ और ओडिशा के भुवनेश्वर में 5 सेमी बारिश दर्ज की गई।
