राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में मानसून की रफ्तार एक बार फिर धीमी पड़ गई है, जिसके चलते पिछले कुछ दिनों से बारिश में कमी देखी जा रही है। इस कारण उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है।
हालांकि, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज, 8 अगस्त 2025 को सुबह जारी अपने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले पांच दिनों तक दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
दिल्ली का मौसम अपडेट: बीते दिन, 7 अगस्त को दिल्ली में धूप और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक, यानी 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री कम, यानी 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
हवा में नमी का स्तर 85% तक पहुंच गया, जिससे उमस का स्तर बढ़ा। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन शाम को बारिश की संभावना न के बराबर है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
देश भर में मौसमी गतिविधियां: मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, मानसून की ट्रफ देश के विभिन्न हिस्सों से गुजर रही है और ऊपरी हवाओं में चक्रवाती प्रसार जारी है।
पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पंजाब और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती प्रसार के रूप में सक्रिय है। इन मौसमी गतिविधियों के कारण देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।
- अरुणाचल प्रदेश: आज, 8 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश (204.5 मिमी या अधिक) और कुछ हिस्सों में भयंकर बारिश की आशंका है। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
- असम, मेघालय, बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, और कराईकल: इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश (115.6-204.4 मिमी) के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
- उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, केरल, कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा, ओडिशा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, और सिक्किम: इन राज्यों में गरज के साथ 64.5-115.5 मिमी बारिश और वज्रपात की आशंका के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
- छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, और तेलंगाना: इन क्षेत्रों में बिजली गिरने और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
अचानक बाढ़ और जलभराव की चेतावनी: अगले 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश के शिमला और सिरमौर, उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टेहरी गढ़वाल, और उत्तरकाशी जिलों में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ और जलभराव का खतरा है।
अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग, दिबांग घाटी, लोहित, निचली दिबांग घाटी, तिरप, अंजॉ, और ऊपरी सियांग जिलों, असम और मेघालय के तिनसुकिया, और मणिपुर व नागालैंड के कई जिलों में भी जलभराव और बाढ़ का अंदेशा है।
समुद्री क्षेत्रों में तूफानी हवाएं: मौसम विभाग ने सोमालिया, पश्चिम-मध्य और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर, और उत्तर-पश्चिम अरब सागर में 45-65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाओं की चेतावनी दी है।
दक्षिणी श्रीलंका तट, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, और मन्नार की खाड़ी में भी 35-55 किमी प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं। मछुआरों को इन क्षेत्रों में मछली पकड़ने या अन्य गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई है।