भारत में नवंबर के पहले सप्ताह में मौसम सक्रिय बना हुआ है। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण और पूर्वोत्तर तक विभिन्न मौसमी गतिविधियां प्रभावी हैं। मौसम विभाग (IMD) के आज सुबह जारी पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र और कोहरे की दस्तक से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उत्तर भारत में ठंड बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं, जबकि दक्षिण और पूर्वी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी है।
उत्तर-पश्चिम भारत: पश्चिमी विक्षोभ का असर
उत्तर भारत के लिए पश्चिमी विक्षोभ प्रमुख मौसमी गतिविधि है। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 4-5 नवंबर को गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात के आसार हैं। उत्तराखंड के पहाड़ी जनपदों में हल्की बारिश व बर्फबारी संभव है, जबकि मैदानी क्षेत्रों जैसे देहरादून, हरिद्वार और रुड़की में सुबह हल्का कोहरा छाया रहा।
दिन में धूप निकलने का अनुमान है, लेकिन ठंडी हवाएं सर्दी का अहसास करा रही हैं। मैदानों में बारिश की संभावना नहीं है।पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर में बीते दिन (3 नवंबर) गर्मी रही, लेकिन शाम से तापमान गिरावट के साथ ठंड महसूस हुई। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 18°C रहने का पूर्वानुमान है। सुबह-रात हल्का कोहरा और प्रदूषण बढ़ने की आशंका है।
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव: दक्षिण और पूर्वी भारत में बारिश
बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य हिस्सों और म्यांमार तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो अगले 24 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ेगा। इससे अंडमान-निकोबार में 30-40 किमी/घंटा की तूफानी हवाएं, बौछारें और वज्रपात के आसार हैं। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
अरब सागर के उत्तर-पूर्वी हिस्से में चक्रीय प्रसार से सौराष्ट्र-कच्छ में आंशिक बादल और बूंदाबांदी संभव। पूर्वोत्तर भारत में दो चक्रीय प्रसारों से असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की बारिश व बिजली गिरने की आशंका है।
कोहरे की दस्तक: दृश्यता प्रभावितदेश के कई हिस्सों में कोहरा शुरू हो गया है। आज सुबह 5:30 बजे नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा, हिमाचल प्रदेश में मध्यम और बिहार, असम-मेघालय में हल्का कोहरा दर्ज किया गया। कल शाम महाबलेश्वर (महाराष्ट्र) में घना कोहरा से दृश्यता मात्र 50 मीटर रही। कोहरे से नमी बढ़ रही है और रात का तापमान गिर रहा है।
तापमान में गिरावट
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले 2 दिनों तक न्यूनतम तापमान स्थिर रहेगा, उसके बाद 3-4 दिनों में 2-4°C की गिरावट आएगी। पूर्वी भारत में 3 दिनों में 2-3°C कमी संभव। कल (3 नवंबर) मदुरै में अधिकतम 37.6°C और सीकर (राजस्थान) में न्यूनतम 11.5°C दर्ज किया गया।
कल की बारिश और बौछारें
3 नवंबर को अंडमान-निकोबार, तटीय आंध्र-यनम, पूर्वोत्तर राज्य, पश्चिम-पूर्वी राजस्थान, कोंकण-गोवा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु-पुडुचेरी-कराईकल, रायलसीमा, विदर्भ, सौराष्ट्र-कच्छ और गुजरात के कई इलाकों में बारिश या गरज के साथ बौछारें हुईं। बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।बारिश की मात्रा: तुनी (आंध्र) में 3 सेमी, रत्नागिरी (कोंकण), अजमेर और कोटा (राजस्थान) में 2 सेमी प्रत्येक।
