दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरणों के कारण आज भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने तटीय कर्नाटक, केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 115.6–204.4 मिमी तक बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं, असम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा में 64.5–115.5 मिमी बारिश के साथ गरज-चमक के लिए येलो अलर्ट है।
चक्रवाती गतिविधियों का असर
IMD के अनुसार, असम और आसपास के इलाकों, दक्षिण बांग्लादेश और उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती प्रसार सक्रिय है। इसके अलावा, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण-पूर्व अरब सागर, हरियाणा-उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु के आसपास भी विभिन्न स्तरों पर परिसंचरण बने हुए हैं।
पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा और उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश में चक्रवाती रूप में प्रभावी है। इनके प्रभाव से अगले तीन दिनों तक दक्षिणी, तटीय और पूर्वोत्तर हिस्सों में बारिश जारी रहेगी।
आज तटीय आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय इलाकों और ओडिशा में 30-40 किमी/घंटा की तूफानी हवाओं के साथ बिजली गिरने का खतरा है।
उत्तर भारत में ठंड की जल्दी दस्तक
उत्तर भारत में मौसम बदल गया है। दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे गिर गया है। 10 अक्टूबर को पहली बार न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। पहाड़ों पर समय से पहले बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से सर्दी बढ़ रही है।
आज दिल्ली में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री रहने का अनुमान है।पिछले वर्षों की तुलना में, 2024 में 12 अक्टूबर को 18.6 डिग्री और 2023 में 3 अक्टूबर को 18.3 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ था।
मानसून की तेज विदाई
दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी प्रक्रिया तेज हो गई है। अगले 2-3 दिनों में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और तेलंगाना के अधिकांश हिस्सों से मानसून लौटेगा।
अक्टूबर मध्य तक देश के ज्यादातर हिस्सों से पूर्ण विदाई हो जाएगी। IMD ने साइक्लोन शक्ति के अवशेषों के कारण विदाई में देरी का उल्लेख किया है, लेकिन अब परिस्थितियां अनुकूल हैं।
