राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इससे सटे एनसीआर में 11 अगस्त की देर रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला 12 अगस्त, 2025 को भी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, यह बारिश 17 अगस्त तक जारी रह सकती है। बारिश ने जहां गर्मी और उमस से मामूली राहत दी है, वहीं कई इलाकों में जलजमाव और यातायात संबंधी परेशानियों ने लोगों को परेशान किया है।
दिल्ली का मौसम और तापमान
11 अगस्त को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.4 डिग्री कम) और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.6 डिग्री कम) दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 91% रहा। मौसम विभाग ने 12 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें 64.5 से 115.5 मिमी बारिश की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
देश के अन्य हिस्सों में मानसून की स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ने देश के कई हिस्सों में रफ्तार पकड़ ली है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश (204.5 मिमी तक) और कुछ हिस्सों में भीण बारिश की आशंका है। इन राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पंजाब और उत्तराखंड में वज्रपात के साथ भारी से बहुत भारी बारिश (115.6 से 204.4 मिमी) की संभावना है। उत्तराखंड के लिए रेड अलर्ट और अन्य राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा, अंडमान-निकोबार, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, केरल, माहे, कोंकण, गोवा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में भारी बारिश (64.5 से 115.5 मिमी) की आशंका है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
11 अगस्त को राजस्थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि असम के हाफलोंग और महाराष्ट्र के माथेरान में न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
11 अगस्त को कहां हुई बारिश?
11 अगस्त को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, कोंकण, गोवा, केरल, माहे, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, पंजाब, उत्तराखंड, अंडमान-निकोबार, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, तटीय कर्नाटक, रायलसीमा, पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, असम और मेघालय में बारिश या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गईं।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गुजरात, विदर्भ, पश्चिम मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र, कच्छ, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, झारखंड, बिहार, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और लक्षद्वीप में भी बारिश हुई।
11 अगस्त को बारिश का आंकड़ा
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख: कटरा (18 सेमी), जम्मू (8 सेमी)। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम: बापटला (8 सेमी), मछलीपट्टनम (2 सेमी)। उत्तराखंड: देहरादून-मोहकमपुर (6 सेमी)। झारखंड: रांची (4 सेमी)। बिहार: पूर्णिया (4 सेमी)। अंडमान-निकोबार: पोर्ट ब्लेयर (4 सेमी)। हिमाचल प्रदेश: सुंदरनगर (3 सेमी)। पूर्वी उत्तर प्रदेश: सुल्तानपुर (3 सेमी)। पंजाब: चंडीगढ़ (3 सेमी)। अरुणाचल प्रदेश: ईटानगर (3 सेमी)। रायलसीमा: तिरुपति (2 सेमी)। पश्चिम उत्तर प्रदेश: बरेली (2 सेमी)। मध्य महाराष्ट्र: सोलापुर (2 सेमी)। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली: नई दिल्ली-सफदरजंग, अंबाला (2 सेमी प्रत्येक)। असम और मेघालय: उत्तरी लखीमपुर (2 सेमी)। तेलंगाना: हैदराबाद (2 सेमी)।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जलभराव व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है।