environmentalstory

Home » गर्मी और बारिश का दोहरा रंग: दक्षिण में आंधी-तूफान, उत्तर में चढ़ा पारा

गर्मी और बारिश का दोहरा रंग: दक्षिण में आंधी-तूफान, उत्तर में चढ़ा पारा

by kishanchaubey
0 comment

देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है। जहां दक्षिण भारत में चक्रवाती प्रसार और नमी भरी हवाओं के कारण भारी बारिश, ओलावृष्टि और तूफानी हवाओं की चेतावनी जारी की गई है, वहीं उत्तर भारत में तापमान में लगातार इजाफा गर्मी का प्रकोप बढ़ा रहा है।

मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, आज यानी 2 अप्रैल, 2025 को दक्षिणी और मध्य भारत में मौसमी गतिविधियां तेज रहेंगी, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में पारा चढ़ने से लू की स्थिति बन सकती है।

दक्षिण और मध्य भारत में बारिश और तूफान की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य महाराष्ट्र और इसके निचले स्तरों पर चक्रवाती प्रसार जारी है। दक्षिण छत्तीसगढ़ से मध्य महाराष्ट्र तक एक ट्रफ के रूप में चक्रवाती हवाएं सक्रिय हैं, जो उत्तर-दक्षिण दिशा में कोमोरिन क्षेत्र तक फैली हुई हैं। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवाओं के मिलने से मौसमी गतिविधियां तेज हो रही हैं।

banner

इसके चलते आज दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे में गरज के साथ भारी बारिश (70 मिमी या अधिक) और बिजली गिरने की आशंका है।

उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तटीय कर्नाटक में भी गरज के साथ बौछारें और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

छत्तीसगढ़, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाओं के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। मध्य प्रदेश, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी 50-60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और ओले पड़ने के आसार हैं।

इसके अलावा, झारखंड, ओडिशा, कोंकण, गोवा, पश्चिम बंगाल के गंगा मैदानी इलाकों और गुजरात में बौछारें और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

उत्तर भारत में गर्मी का सितम

दूसरी ओर, उत्तर भारत में मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिल्ली-एनसीआर में आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार-पांच दिनों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।

उत्तराखंड में भी पहाड़ों से लेकर मैदानों तक गर्मी सितम ढा रही है। मार्च में सामान्य से पांच फीसदी अधिक बारिश के बावजूद तापमान में कमी नहीं आई है। हालांकि, 3 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे गर्मी से मामूली राहत मिल सकती है।

तापमान में उतार-चढ़ाव का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले छह दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। मध्य भारत और महाराष्ट्र में अगले दो दिनों तक तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट और उसके बाद चार दिनों में इतनी ही बढ़ोतरी संभव है।

दक्षिणी प्रायद्वीप में अगले चार दिनों तक तापमान में 2-4 डिग्री की कमी आने की उम्मीद है, जबकि देश के बाकी हिस्सों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। कल, 1 अप्रैल को सौराष्ट्र और कच्छ के सुरेंद्रनगर में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री और पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री दर्ज किया गया।

कहां लू, कहां उमस भरा मौसम?

सौराष्ट्र और कच्छ में आज भी लू की स्थिति बनी रहेगी। 5 से 7 अप्रैल के दौरान पश्चिमी राजस्थान में गर्म हवाएं चलने की आशंका है। त्रिपुरा में 2-3 अप्रैल, असम में 3-5 अप्रैल और गुजरात में 3-7 अप्रैल तक गर्म और उमस भरा मौसम जारी रह सकता है।

कल कहां हुई बारिश?

1 अप्रैल को ओडिशा, केरल और माहे में बारिश और बौछारें दर्ज की गईं। केरल के तिरुवनंतपुरम में 10 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड हुई।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक देश में मौसम का यह दोहरा रंग बना रहेगा, जिसके लिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

You may also like