environmentalstory

Home » दिल्ली में सीजन की सबसे ठंडी सुबह, दक्षिण में भारी बारिश की चेतावनी

दिल्ली में सीजन की सबसे ठंडी सुबह, दक्षिण में भारी बारिश की चेतावनी

by kishanchaubey
0 comment

नवंबर का दूसरा सप्ताह शुरू होते ही भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर और मध्य भारत में ठंड ने दस्तक दे दी है, जबकि दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों में चक्रवाती प्रसार सक्रिय हैं, जिसका असर मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है।

दिल्ली-एनसीआर में सीजन की सबसे ठंडी सुबह

दिल्ली-एनसीआर में 11 नवंबर को न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम है। यह इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। आज, 12 नवंबर को दिल्ली में हल्का कोहरा छाए रहने के बाद आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

हिमाचल और उत्तराखंड में ठंड का प्रकोप

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के कुकुमसेरी में तापमान माइनस 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस 5 डिग्री तक पहुंच चुका है। सूखी ठंड के कारण खांसी-जुकाम जैसी बीमारियां बढ़ रही हैं। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार, अगले 4-5 दिन मौसम साफ रहेगा और तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

उत्तराखंड में भी सुबह और शाम की ठंड बढ़ गई है। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में दिन में हल्की धूप रहेगी, लेकिन शाम को सर्द हवाएं ठिठुरन बढ़ाएंगी। आज मौसम शुष्क और साफ रहने का अनुमान है।

banner

दक्षिण भारत में भारी बारिश और येलो अलर्ट

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आज भारी बारिश (64.5-115.5 मिमी) और बिजली गिरने की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती प्रसार के कारण नमी बढ़ रही है, जिससे बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं।

तापमान और बारिश का रिकॉर्ड

11 नवंबर को तमिलनाडु के करूर परमथी में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और झारखंड के डाल्टनगंज में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंडमान-निकोबार, असम, मेघालय, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में बारिश या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गईं, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।

You may also like