भारत में मौसम की स्थिति तेजी से बदल रही है। उत्तर-पश्चिम भारत और पश्चिमी हिमालय में बारिश, बर्फबारी, ठंड, कोहरे और शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, 16 जनवरी 2026 को जारी अपडेट में कहा गया है कि उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर सक्रिय है, जिसकी गति 125 नॉट्स है। यह 12.6 किमी ऊंचाई पर बह रही है और पश्चिमी विक्षोभ को मजबूती प्रदान कर रही है।
वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी स्तरों पर ट्रफ के रूप में मौजूद है, जिसका असर उत्तर भारत पर पड़ रहा है। 19 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जो मौसम में फिर से बदलाव लाएगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 16 से 21 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि उत्तराखंड में कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा या बर्फबारी होगी। उत्तराखंड में पाला पड़ने का खतरा है, इसलिए किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मैदानी इलाकों में पंजाब में 18 से 20 जनवरी तक हल्की बारिश, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18-19 जनवरी को कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है। दिल्ली में भी हल्की बारिश और घने कोहरे की आशंका है। शीतलहर हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड और ओडिशा में चलेगी। इन क्षेत्रों में कोल्ड डे की स्थिति भी बनेगी।
कोहरे का असर व्यापक होगा। असम, मेघालय, बिहार, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में घना कोहरा, जबकि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बहुत घना कोहरा पड़ सकता है, जो यातायात को प्रभावित करेगा।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 3-5 डिग्री बढ़ सकता है, उसके बाद स्थिर रहेगा। मध्य भारत में 24 घंटे स्थिर, फिर 2-4 डिग्री बढ़ोतरी। पूर्वी भारत में तीन दिनों तक कोई बदलाव नहीं, फिर 2-3 डिग्री बढ़ेगा। महाराष्ट्र में दो दिनों में 2-3 डिग्री गिरावट, गुजरात में बढ़ोतरी। 15 जनवरी को कारवार में अधिकतम 35.4 डिग्री, हिसार में न्यूनतम 0.2 डिग्री दर्ज किया गया।
दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मानसून समाप्ति की ओर है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, आंध्र, रायलसीमा और कर्नाटक में दो दिनों में बारिश खत्म हो सकती है। लक्षद्वीप और निकोबार में हल्की बारिश संभव। कुल मिलाकर, उत्तर भारत में सतर्कता बरतें और मौसम अपडेट फॉलो करें।
