environmentalstory

Home » यूपी-बिहार में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 60 की मौत, मुआवजे का ऐलान

यूपी-बिहार में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 60 की मौत, मुआवजे का ऐलान

by kishanchaubey
0 comment

बिहार और उत्तर प्रदेश में 9 और 10 अप्रैल, 2025 को बिजली गिरने, आंधी और बारिश के कारण भारी तबाही मची, जिसमें बिहार में 38 और उत्तर प्रदेश में 22 लोगों की जान चली गई। दोनों राज्यों में फसलों, संपत्ति और पशुओं को भी व्यापक नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।

बिहार में स्थिति


बिहार में 9 और 10 अप्रैल को आंधी-बारिश और वज्रपात से कुल 38 लोगों की मौत हुई। 10 अप्रैल को नालंदा में 18, सीवान में 2, कटिहार, दरभंगा, बेगूसराय, भागलपुर और जहानाबाद में 1-1 व्यक्ति की जान गई। वहीं, 9 अप्रैल को बेगूसराय में 5, दरभंगा में 4, मधुबनी में 3 और समस्तीपुर में 1 व्यक्ति की मृत्यु हुई।

इन घटनाओं ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है। उन्होंने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने और घरों में रहने की अपील की।

उत्तर प्रदेश में नुकसान


उत्तर प्रदेश में 10 अप्रैल को बिजली गिरने और आंधी-तूफान से 22 लोगों की मौत हुई। राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, फतेहपुर, आजमगढ़, फिरोजाबाद, कानपुर देहात, सीतापुर, गाजीपुर, गोंडा, अमेठी, संत कबीर नगर और सिद्धार्थ नगर में बिजली गिरने से जनहानि हुई।

banner

इसके अलावा, बलिया, कन्नौज, बाराबंकी, जौनपुर और उन्नाव में आंधी-तूफान ने लोगों की जान ली। इस आपदा में 45 पशुओं की मौत हुई और 15 मकान क्षतिग्रस्त हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही, फसलों के नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग का अपडेट


मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाएं और पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिला है। बिहार और उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी।

11 अप्रैल को बिहार के कई हिस्सों में भारी बारिश (70 मिमी या अधिक) और उत्तर भारत में हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि का अनुमान है। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

You may also like