Weather Update today: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, देश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है। 18 फरवरी की रात से 20 फरवरी तक यह पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और आसपास के मैदानी इलाकों में प्रभाव डालेगा। इसका सबसे अधिक असर 19 और 20 फरवरी को देखा जा सकता है।
इन राज्यों में होगी बारिश और बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार, 17 से 22 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
वहीं, पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 17 से 19 फरवरी तक हल्की बारिश हो सकती है।
कहां-कब होंगे बादल मेहरबान?
- पंजाब और हरियाणा: 19 और 20 फरवरी को बारिश के आसार।
- पूर्वी राजस्थान: 18 और 19 फरवरी को बारिश संभव।
- पश्चिमी उत्तर प्रदेश: 20 फरवरी को बादल बरस सकते हैं।
- दिल्ली-एनसीआर: 19 फरवरी को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश संभव।
इसके अलावा, 19 और 20 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, और उत्तराखंड में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से और निचले स्तरों पर उत्तर-दक्षिणी हवाओं के ट्रफ के चलते 19 से 22 फरवरी के बीच गंगा के मैदानी इलाकों में, 19 से 21 फरवरी के बीच ओडिशा और झारखंड में हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
पूर्वोत्तर भारत में भी 17 से 22 फरवरी तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 19 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के आसार हैं।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
- बढ़ते तापमान वाले क्षेत्र: बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, पूर्वी विदर्भ और उत्तरी तेलंगाना में दिन के तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई।
- गिरते तापमान वाले क्षेत्र: पूर्वी राजस्थान, गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
देश में सबसे अधिक तापमान 38.2°C कुरनूल (रायलसीमा) में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम 8.4°C हरियाणा के रोहतक में रहा।
आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है, जबकि बिहार और पूर्वोत्तर भारत में भी तापमान बढ़ने की संभावना है।
कोहरे का कहर जारी
अगले कुछ दिनों तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। 17 फरवरी को पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्रों में बहुत घना कोहरा दर्ज किया गया। डायमंड हार्बर में दृश्यता शून्य, ओडिशा के चांदबली में 200 मीटर और भुवनेश्वर में 500 मीटर रिकॉर्ड की गई।
कल कहां हुई बारिश और बर्फबारी?
16 फरवरी को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई।